आठ साल की सेवाओं को मिला सम्मान,रंगारंग समारोह में सेवानिवृत्त सीएमओ सी.के.मेश्राम को भावभीनी विदाई
सारनी की जनता का स्नेह जीवनभर याद रहेगा सी.के. मेश्राम पीएम स्वनिधि योजना में दिलाई राष्ट्रीय पहचान,विकास कार्यों को भी मिली नई गति

हेमंत रघुवंशी
सारनी,द ग्लोबल लेंस
नगर पालिका ठेकेदार संघ सारनी ने रविवार को लक्ष्मी लॉन में रंगारंग समारोह आयोजित कर हाल ही में सेवानिवृत्त हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सी.के.मेश्राम को शॉल,श्रीफल,स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों,अधिकारियों, कर्मचारियों,ठेकेदारों और पत्रकारों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को याद किया।समारोह की शुरुआत सी.के. मेश्राम सहित सभी अतिथियों के स्वागत से हुई। इस अवसर पर नगर
पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे ने कहा कि श्री मेश्राम के नेतृत्व में नगर पालिका ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से सारनी नगर पालिका को देश में द्वितीय तथा मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ,जो पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।उन्होंने कहा कि श्री मेश्राम के कार्यकाल में विकास कार्यों को नई दिशा मिली। बाबा माठादेव मंदिर की तलहटी से शिखर तक सीढ़ियों का निर्माण, श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व्यवस्था सहित कई जनहित के कार्य उनकी कार्यशैली की पहचान बने।अपने संबोधन में सेवानिवृत्त सीएमओ सी.के.मेश्राम ने कहा कि सारनी की जनता,जन प्रतिनिधियों और कर्मचारियों से मिला अपनापन व स्नेह वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि टीम भावना और सभी के सहयोग से ही नगर पालिका विकास के नए आयाम स्थापित कर सकी।नेता प्रतिपक्ष प्रिंटिस नागले ने कहा कि श्री मेश्राम के व्यक्तित्व और कार्यशैली से उन्होंने बहुत कुछ सीखा।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तिरुपति एरोलू ने इसे विदाई नहीं,बल्कि उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान बताया,मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष एवं समाजसेवी रंजीत सिंह ने कहा कि पाथाखेड़ा क्षेत्र में खिलाड़ियों के लिए भव्य स्टेडियम की सौगात दिलाने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। जो उनका योगदान कभी क्षेत्र के खिलाड़ी नहीं भूल सकते।समारोह के दौरान सतपुड़ा सिंगर्स म्यूजिकल क्लब के संचालक अशोक विद्रोही एवं उनकी टीम ने सदाबहार गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को यादगार बना दिया।कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष जगदीश पवार,प्रभारी सीएमओ हितेश शाक्य,नेता प्रतिपक्ष प्रिंटिस नागले, 36 वार्डों के पार्षद,एल्डरमैन,नगर पालिका के अधिकारी- कर्मचारी,ठेकेदार संघ के सदस्य तथा क्षेत्र के पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह आत्मीयता, सम्मान और भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ।











