तकनीकी साक्ष्यों के सहारे सारनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 60 हजार रुपये का मुकुट बरामद
बगडोना के महावीर स्वामी वार्ड क्रमांक 36 स्थित रेस्कुव कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर बने हनुमान मंदिर से चोरी हुए चांदी के मुकुट के मामले का सारनी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक युवक और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लेकर चोरी गया करीब आधा किलो वजनी चांदी का मुकुट बरामद कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारनी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। 14 जून को शोभापुर कॉलोनी निवासी मुकेश सोनारे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बगडोना स्थित हनुमान मंदिर में स्थापित भगवान हनुमान की प्रतिमा पर लगा चांदी का मुकुट गायब है। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से शाहपुर निवासी 21 वर्षीय करण पिता मनोज नामदेव को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने एक अपचारी बालक साथी के साथ मिलकर मंदिर से मुकुट चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर लगभग 60 हजार रुपये मूल्य का चांदी का मुकुट बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने 15 जून को आरोपियों को गिरफ्तार कर 16 जून को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक मनोज उइके, चौकी प्रभारी पाथाखेड़ा शिवपाल सिंह इरपाचे, आरक्षक मोहित भाटी,मोनू उइके,देवा धुर्वे और महेश भलावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस की तत्परता से मंदिर की आस्था से जुड़ी धरोहर सुरक्षित लौट आई,वहीं घटना का शीघ्र खुलासा होने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।












