PRGI NO. MPBIL/26/A4768

बिजली उत्पादन के दावों के बीच अंधेरे में डूबे दो दर्जन गांव, पूरी रात टिमटिमाते बल्ब और बंद पड़े पंखे

प्रदेश में रिकॉर्ड बिजली उत्पादन के सरकारी दावों पर उठे सवाल,सुखाढाना सहित ग्रामीण इलाकों में 24 घंटे से ज्यादा गुल रही बिजली,विभागीय चुप्पी से बढ़ा आक्रोश

सारनी। एक ओर प्रदेश सरकार मध्यप्रदेश को बिजली उत्पादन के मामले में आत्मनिर्भर बताते हुए मांग से अधिक बिजली उपलब्ध होने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर सारनी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में हालात इसके बिल्कुल उलट दिखाई दे रहे हैं। सोमवार शाम छह बजे से सुखाढाना पंचायत सहित आसपास के दो दर्जन से अधिक गांव अंधेरे में डूबे रहे और समाचार लिखे जाने तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। सबसे बड़ी बात यह रही कि बिजली गुल होने के कारणों को लेकर बि जली विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी जवाब देने तक को तैयार नहीं दिखा।मध्यप्रदेश में लगभग 23 हजार मेगावाट से अधिक स्थापित उत्पादन क्षमता होने और औसत मांग 16 से 18 हजार मेगावाट के बीच रहने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही कटौती लोगों के लिए बड़ा सवाल बनती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रदेश में बिजली की कोई कमी नहीं है तो फिर गांवों को अंधेरे में क्यों रखा जा रहा है।बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उस समय और सवाल खड़े हो गए,जब देर रात लो-वोल्टेज के नाम पर ऐसी आपूर्ति शुरू की गई कि बल्ब केवल टिमटिमा रहे थे और पंखे महज सांस लेते नजर आ रहे थे। उमस भरी गर्मी में पूरी रात लोग परेशान रहे और विभागीय अधिकारियों तथा कर्मचारियों के प्रति नाराजगी खुलकर सामने आती रही।घोड़ाडोंगरी के अलावा रतनपुर में नया सब स्टेशन बनने से ग्रामीणों को बेहतर बिजली व्यवस्था की उम्मीद थी,लेकिन हालात पहले से भी बदतर होते दिखाई दे रहे हैं।बारिश का मौसम अभी शुरू भी नहीं हुआ है और उससे पहले ही बिजली व्यवस्था की कमजोर मेंटेनेंस प्रणाली उजागर हो गई है।लगातार बढ़ती परेशानी और विभागीय उदासीनता से नाराज ग्रामीण अब संगठित होकर बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन और मोर्चाबंदी की तैयारी में जुट गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो व्यापक जनआंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।
0
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें