25 जून को बैतूल में कांग्रेस का बड़ा मंथन,युवाओं से सीधा संवाद करेंगे निलय डागा
संगठन की मजबूती,अनुशासन और युवाओं के भविष्य पर होगी चर्चा, छात्रों से जानेंगे रोजगार और शिक्षा की चुनौतियां
बैतूल। जिले की राजनीति में 25 जून का दिन काफी अहम रहने वाला है। एक ओर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और अनुशासन पर मंथन करेगी, तो दूसरी ओर युवाओं और विद्यार्थियों की समस्याओं को समझने के लिए खुला संवाद भी आयोजित किया जाएगा। दोनों कार्यक्रम बडोरा स्थित सरले सेलिब्रेशन मैरिज लॉन में होंगे।दोपहर 3 बजे से जिला समन्वय समिति की विशेष बैठक और संयुक्त कार्यशाला आयोजित की जाएगी।बैठक में जिला कांग्रेस संगठन प्रभारी सुनील उईके,प्रदेश संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे और जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निलय विनोद डागा मौजूद रहेंगे।इसमें जिला कांग्रेस कार्यकारिणी,ब्लॉक, तहसील और मंडलम पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।बैठक में जिले में कांग्रेस की संपत्तियों की स्थिति,ग्राम
पंचायत और वार्ड कमेटियों के सत्यापन, संगठन की गतिविधियों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा होगी।साथ ही सोशल मीडिया पर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ टिप्पणी करने वाले वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों के मामलों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।कांग्रेस हर माह कम से कम दो जनसंघर्ष और जनहित से जुड़े कार्यक्रम चलाने की रणनीति भी बनाएगी।

छात्रों की गूंज बनेगा युवा संवाद
संगठनात्मक बैठक के बाद शाम 4:30 बजे से छात्रों की गूंज-जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निलय विनोद डागा विद्यार्थियों और युवा साथियों से गैर- राजनीतिक माहौल में सीधे रूबरू होंगे।इस दौरान शिक्षा,रोजगार,प्रतियोगी परीक्षाएं,कौशल विकास, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव, करियर की चुनौतियां और भविष्य के अवसर जैसे विषयों पर खुलकर चर्चा होगी। युवाओं से उनके सुझाव और समस्याएं भी सुनी जाएंगी,ताकि उन्हें बदलते दौर के अनुरूप खुद को तैयार करने का मार्गदर्शन मिल सके।जिला संगठन महामंत्री ब्रजभूषण पांडे ने सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं,विद्यार्थियों और युवा साथियों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।कांग्रेस का फोकस अब सिर्फ संगठन तक सीमित नहीं,बल्कि युवाओं की उम्मीदों और उनके भविष्य को समझने की दिशा में भी बढ़ता नजर आ रहा है।











