500 से ज्यादा लोगों ने कराया मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण, डॉक्टरों ने दिए स्वस्थ दिमाग और लंबी उम्र के आसान मंत्र
विश्वकर्मा समाज की अनोखी पहल: धर्म-जाति से ऊपर उठकर लगा सेवा का शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बांटी सेहत की सौगात

बैतूल ।द ग्लोबल लेंस
विश्वकर्मा मंदिर,बैतूल गंज में रविवार को सेवा,समर्पण और मानवता की शानदार मिसाल देखने को मिली। विश्वकर्मा समाज समिति और समाज के चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा स्व.अभिषेक मालवी,स्व.शैलेन्द्र मालवी एवं स्व.राजेश मालवी की स्मृति में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि इस शिविर में किसी धर्म या समाज का भेद नहीं रखा गया
और सभी समुदायों के 500 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई, विशेषज्ञ डॉक्टरों से सलाह ली तथा नि:शुल्क दवाइयों का लाभ उठाया।बैतूल शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे।अलग-अलग विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरी परामर्श दिया।शिविर में अमरावती से पहुंचे प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ.सिकंदर आडवाणी ने बैतूल वन ब्रेन अभियान के तहत स्वस्थ और सक्रिय मस्तिष्क के लिए पांच आसान लेकिन बेहद जरूरी आदतें अपनाने की सलाह दी।उन्होंने कहा कि रोज 20 से 25 मिनट पैदल चलें,6 से 7 घंटे की अच्छी नींद लें,ब्लड प्रेशर और शुगर को नियंत्रण में रखें,परिवार और समाज से जुड़े रहें तथा जीवनभर नई-नई चीजें सीखते रहें।उन्होंने कम से कम तीन भाषाएं सीखने की भी सलाह देते हुए कहा कि जितनी चुनौती दिमाग को मिलेगी,वह उतना ही तेज और सक्रिय रहेगा।डॉ.आडवाणी ने तंबाकू को मस्तिष्क का सबसे बड़ा दुश्मन बताते हुए इससे पूरी तरह दूरी बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि इन पांच आदतों को अपनाकर लगभग 10 गंभीर बीमारियों का खतरा 45 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति में ब्रेन स्ट्रोक के लक्षण दिखाई दें तो चार घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचना बेहद जरूरी है, क्योंकि समय पर इलाज से जान बचाई जा सकती है।कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के जिलाध्यक्ष एवं सिटी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अरुण जयसिंहपुरे
तथा सुभद्रा हॉस्पिटल के संचालक डॉ. विनय सिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। अमरावती से आए डॉ. सिकंदर आडवाणी के साथ डॉ.अनंत काकोनी,डॉ.यमन पात्रे, डॉ.अंगद,डॉ.पवन इंगोले सहित चिकित्सा टीम ने पूरे दिन मरीजों की सेवा की।समाज समिति के चिकित्सा प्रकोष्ठ के डॉ. अनंत मालवी,डॉ.गौरव मालवी,डॉ.मुकेश मालवी और डॉ.हिमांशु मालवी के नेतृत्व में शिविर का सफल संचालन हुआ। महिला मंडल और समाज समिति के पदाधिकारियों व स्वयंसेवकों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।शिविर के समापन पर बाहर से आए सभी चिकित्सकों का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन समाज समिति के सचिव शशिकांत मालवी ने किया,जबकि आभार कोषाध्यक्ष वीरेंद्र मालवी ने व्यक्त किया। विश्वकर्मा समाज समिति ने भविष्य में इससे भी बड़े स्तर पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने की घोषणा की।











